PLAY PODCASTS
Tumhari Kavita | Prashant Purohit
Episode 586

Tumhari Kavita | Prashant Purohit

Pratidin Ek Kavita

November 7, 20243m 5s

Audio is streamed directly from the publisher (media.transistor.fm) as published in their RSS feed. Play Podcasts does not host this file. Rights-holders can request removal through the copyright & takedown page.

Show Notes

तुम्हारी कविता | प्रशांत पुरोहित 


तुम्हारी कविता में उसकी काली आँखें थीं-

कालिमा किसकी-

पुतली की,

भँवों की,

कोर की,

या काजल-घुले आँसुओं की झिलमिलाती झील की?

तुम्हारी ग़ज़ल में उसकी घनी ज़ुल्फ़ें थीं—

ज़ुल्फ़ें कैसीं-

ललाट लहरातीं,

कांधे किल्लोलतीं,

कमर डोलतीं,

या पसीने-पगी पेशानी पे पसरतीं, बट खोलतीं?

तुम्हारी नज़्म में उसकी आवाज़ थी -

आवाज़ कैसी-

गाती हुई,

बुलाती हुई, 

अलसाती हुई,

या हाँफती काली आँखों से चुपचाप आती हुई?

तुम्हारे छंदों में उसकी पतली कमर थी-

कमर कैसी-

लहराती आँच-सी,

दूज के दो चाँद-सी,

नूरो-जमाल-सी, 

या पसलियों व पेट को जोड़े रखने के असफल प्रयास-सी?

तुम्हारी कविता में उसके पाँव थे -

पाँव कैसे -

महावर-रचे,

मख़मल-पगे,

बिछुआ-सजे,

या जो फटी बिवाई के साथ धरती पकड़कर चले?

तुम्हारे गीतों में उसकी गोरी बाँहें थीं-

बाँहें कैसीं-

हरसिंगार-डाल,

वैजयंती-माल,

कोई अनंग-जाल, 

या जो उठीं ऐंठन-भरी कसी मुट्ठियों को संभाल?


Topics

Hindi literaturepoetrydaily inspirationHindi poetssocietypeopleenvironment